मसूरी वन्यजीव विहार विनोग में आग लगने से कई हेक्टेयर जंगल जल गया। इससे वन्य जीवों को भी क्षति पहुंचने की आशंका है। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार को दोपहर के समय जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काबू पाने के प्रयास किया। तेज हवा चलने से वन कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर जंगल का बड़ा हिस्सा जल गया। स्थानीय निवासी चंडी प्रसाद ने कहा कि गर्मी का सीजन आ गया है। वन विभाग को लगातार जंगलों की निगरानी बढ़ानी चाहिए।
डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि तेज हवा के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई। वन कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया गया है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।