देहरादून पलटन बाजार के सरनीमल बाजार में बुधवार को कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। इससे आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों से दहशत फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल की छह गाड़ियों से तीन घंटे में काबू पाया जा सका।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने से कारोबारी का करीब एक करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों तक आग नहीं फैली। पलटन बाजार के सरनीमल बाजार में हर्ष गांधी की गांधी संस एवं दुर्गा साड़ी की तीन मंजिला दुकान है। इसकी तीसरी मंजिल पर चिंगारी से आग लगने की बात कही जा रही है।
जहां आग लगी वहां बड़ी मात्रा में कपड़े, लहंगे, साड़ियां, सूट, दुपट्टे और अन्य कपड़े रखे हुए थे। आग लगने के कारण दुकान में रखा सारा सामान जल गया। सूचना पर दमकल की गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाना शुरू किया।
पहले तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची लेकिन आग के विकराल रूप को देखते हुए तीन वाहन दोबारा बुलाए गए। गनीमत रही कि आग दूसरी मंजिल और अन्य दुकानों तक नहीं पहुंची। इससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली।मुख्य अग्निशमन अधिकारी अभिनव त्यागी ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल के छह वाहनों ने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया।