शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नारसन से देहरादून तक निर्माणाधीन एनएच चौड़ीकरण के काम में लेटलतीफी पर नाराजगी जताई है। शुक्रवार को समीक्षा बैठक में कौशिक ने एनएचएआई के अफसरों को आडे़ हाथ लिया।
उन्होंने दो टूक कहा-नारसन से दून तक रोड पर गड्ढे़ दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। कोई मरा, तो एनएचएआई दोषी होगा। बैठक में मौजूद दून और हरिद्वार के जिलाधिकारियों को उन्होंने बकायदा निर्देश दिए कि एक्सीडेंट में यदि किसी की मौत होती है, तो संबंधित अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि एनएच के गड्ढे भरान कार्य और पैचवर्क हर हाल में 20 दिन में पूरे कर लिए जाएं।
बैठक में नारसन से दून तक एनएच चौड़ीकरण कार्य से जुडे़ मामले पर कौशिक ने अफसरों से तफसील से बात की। दून से आगे राज्य सरकार के अधीन रेलवे फाटक मोहकमपुर तक टाइल्स लगाने का कार्य एक माह के भीतर कर लिया जाए। यह कार्य शनिवार से शुरू किया जाए। सड़क सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि डायवर्जन पर रिफ्लेक्टर, रेडियम पट्टी भी लगाई जाए।
बताया गया कि इस कार्य में तेजी लाने के संबंध में केंद्रीय मंत्रालय ने संबंधित अधिकारियों की बैठक 16 नवंबर 2017 को बुलाई गई है। इस बैठक में सड़क मार्ग में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाएगा। बैठक में डीएम देहरादून एसए मुरूगेशन, डीएम हरिद्वार दीपक रावत, एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर एसके वर्मा, अधीक्षण अभियंता पीडब्यूडी आरसी पुरोहित, जनरल मैनेजर ऐरा कंपनी एनके शर्मा और उपसचिव दिनेश पुनेठा आदि मौजूद थे।