जोगीवाला निवासी रेणुका अंथवाल ने अपने यूट्यूब और टेलीग्राम चैनल की सामग्री चोरी करने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस ने आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि रेणुका बॉयोलॉजी एट इज नाम से चैनल चलाती हैं। यह चैनल यूट्यूब और टेलीग्राम दोनों प्लेटफार्म पर है। इसमें वह नीट की तैयारियों के लिए वीडियो अपलोड करती हैं। उनका आरोप है कि बीते कुछ समय से कई अन्य चैनल उनकी सामग्री को चोरी कर अपने चैनल पर प्रसारित कर रहे हैं। यह सीधे-सीधे आईटी एक्ट का उल्लंघन है। इन चैनलों से विभिन्न ब्रांड का प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। जबकि रेणुका का इनसे कोई मतलब नहीं है। एसओ ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।