बहादराबाद थाना क्षेत्र में क्रिस्टल वर्ल्ड के पास शनिवार शाम फिल्मी अंदाज में युवक को अगवा कर कार से ले जाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) अभय प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार शाम लगभग 6:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कुछ कार सवार युवकों ने शिवालिक नगर निवासी राजन (25) को क्रिस्टल वर्ल्ड के पास से जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया है और फरार हो गए हैं।
सूचना मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया और जगह-जगह नाकेबंदी की गई। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई जिसने तुरंत खोजबीन शुरू की। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश की। सामने आया कि घटना में पंजाब नंबर की कार का इस्तेमाल किया गया है।