उत्तराखंड में केदारनाथ धाम आपद के बाद अब घाट में आपदा आ गई है। आपदा की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू के लिए रवाना हुई।
इस दौरान वहां से बड़ी संख्या में शवों को निकाला गया। जबकि रेस्क्यू अभी भी जारी है। दरअसल यह सब हुआ आपदा न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से की गई मॉकड्रिल में।
शुक्रवार को मॉकड्रिल के तहत जिला आपदा कंट्रोल रुम से सुबह दस बजे तहसील घाट क्षेत्र में भारी बारिश के कारण घाट-भेंटी सड़क और पटवारी चौकी के पास आवासीय मकानों के भूस्खलन की चपेट में आने से कुछ लोगों के दबने की सूचना मिली।
घाट क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क बाधित होने के कारण वायरलेस सेट के माध्यम से अधिकारियों ने एक दूसरे से संपर्क किया। तहसील स्तरीय सभी नोडल अधिकारी तहसील कंट्रोल रुम घाट में एकत्रित हुए।