देहरादून। वर्ष 2018-19 वर्ष की दशमोत्तर छात्रवृृत्ति के 300 छात्रवृत्ति आवेदनों में समाज कल्याण विभाग ने गड़बड़ी का अंदेशा जताया है। इनमें कॉलज ने मान्यता के प्रमाणपत्र तो लगाए हैं, लेकिन संबद्धता का प्रमाणपत्र नहीं दिए हैं। विभाग ने इन आवेदनों पर छात्रवृत्ति जारी करने पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत ने कहा कि कई कॉलेजों के छात्रवृत्ति आवेदनों में प्रमाणपत्र नहीं लगाए गए हैं। कॉलेज स्तर पर आवेदनों के वेरीफिकेशन होने पर कॉलेज आवेदनों के साथ मान्यता एवं संबद्धता के प्रमाणपत्र भी संलग्न करता है। इसकी जांच करने के बाद विभाग छात्रवृत्ति जारी करता है, लेकिन जिले में कई कॉलेज ऐसे चिह्नित किए गए हैं जिनके पास संबद्धता के प्रमाणपत्र नहीं हैं। इन कॉलेजों के आवेदनों पर छात्रवृत्ति पर रोक लगाई जा रही है।
31 तक करें आवेदन
समाज कल्याण विभाग एवं जनजाति कल्याण विभाग की संचालित वर्ष 2019-20 की छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रावत ने कहा कि जिन भी अभ्यर्थियों ने आवेदन नहीं किया है, वे तय तिथि के भीतर आवेदन कर लें। अन्यथा वे छात्रवृत्ति से वंचित रह जाएंगे।