मलबा आने से चकराता क्षेत्र अंतर्गत छह मोटर मार्गों पर आवाजाही ठप हो गई है। एक दर्जन से अधिक गांवों की हजारों की आबादी की आवाजाही प्रभावित हो रही है। किसानों की नकदी फसलें मंडी तक नहीं पहुंच पाई, जिसकी वजह से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मलबा हटाने के काम में जुटी है।
क्षेत्र में दो दिन से हो रही बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते दोहा-मटियावा मोटर मार्ग, खारसी संपर्क मार्ग, बिरमोऊ मोटर मार्ग, रिखाड़ संपर्क मार्ग, क्वांसी-जोगियो मोटर मार्ग, छुटऊ संपर्क मोटर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। जिससे बिरमोऊ, बिनोऊ, बंतोऊ, ठाणा, टुंगरा, रिखाण, छुटऊ, खारसी समेत कई गांवों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इन सड़कों से करीब सात हजार की आबादी जुड़ी है।
सोमवार को मंदिर समिति की बैठक में शामिल होन के लिए दोहा गांव जा रहे ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह और खत शैली के सदर स्याण राजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मार्ग पर जगह-जगह मलबा आया हुआ है। लोगों ने श्रमदान कर किसी तरह वाहन के गुजरने लायक रास्ता बनाया। बड़ी मुश्किल से वे लोग दोहा गांव पहुंच सके।
स्थानीय निवासी सरदार सिंह, प्रेम सिंह, राजेंद्र सिंह, अतर सिंह, खुशीराम शर्मा ने बताया कि सड़क बंद होने से टमाटर, बींस, हरा धनिया, हरी मिर्च की फसल मंडी तक नहीं पहुंच पाई। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से निकले। मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए लोगों को तीन से चार किमी पैदल दूरी नापनी पड़ी। उन्होंने शीघ्र मलबा हटाने की मांग की है।
-
मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगा दी गई हैं। प्राथमिकता के आधार पर सड़क खोलने का काम किया जा रहा है। देर शाम तक सभी बंद सड़कों को खोल दिया जाएगा। - डीपीएस नेगी, अधिशासी अभियंता, लोनिवि खंड चकराता