भारतीय किसान यूनियन ने किसान महाकुंभ के तीसरे दिन समापन के मौके पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सरकार के खिलाफ सड़कों पर योग करने की बात कही।
उनका यह सम्मेलन रोडीबेलवाला बंगाली कोठी वीआईपी घाट पर चल रहा था। समापन के बाद सभी किसानों ने गंगा स्नान कर उग्र आंदोलन करने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भा कि 31 जुलाई को लखनऊ में महापंचायत की जाएगी।
बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लखनऊ में विशाल योग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। किसान महाकुंभ में पहुंचे कई राज्यों के किसान नेताओं ने मध्य प्रदेश में किसानों की हत्या पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। वहीं उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भी किसान की आत्महत्या को गंभीर मामला मानते हुए प्रभावी कदम उठाने की मांग उत्तराखंड सरकार से की गई।