कुछ दिनों बाद हरकी पैड़ी पर होने वाली गंगा आरती समूचे हरिद्वार नगर को सुनाई देगी। कुछ महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़े एलईडी लगाने की तैयारी चल रही है।
विश्व प्रसिद्ध आरती को विस्तार देने के लिए कुंभ और अर्द्धकुंभ पर तो प्रयत्न किए जाते हैं, किंतु स्थायी रूप से प्रयत्न अब शुरू हुए हैं। सोनी टीवी हर की पैड़ी के विकास और सौंदर्यीयकरण पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च करने को तैयार है।
गौरतलब है कि इस संबंध में गंगा सभा, सोनी, हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन के बीच वार्ता हो चुकी है। निवर्तमान जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन इस संबंध में समूचे प्लान को अनुमति दे चुके हैं।
इसके अंतर्गत कुछ ही दिनों में हरकी पैड़ी पर करीब एक करोड़ की लागत से गंगा द्वार का निर्माण शुरू हो जाएगा। हर की पैड़ी के कई क्षेत्रों, सुभाष घाट, अपर रोड़, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, भीमगोड़ा तथा गंगा पार के रोड़ी मैदान में बड़े एलईडी लगाने के काम को सोनी टीवी अंजाम देगा।
हरकी पैड़ी से होने वाला गंगा रक्षा संकल्प भी सभी जगह दोहराया जाएगा। योजना है कि सांयकालीन आरती का प्रसारण प्रारंभ होने के बाद प्रात: कालीन आरती का दर्शन भी नगर में फैले तीर्थयात्री और नगरवासी कर सकें।