सेना की भर्ती में एक युवक सेना की वर्दी में हेकड़ी दिखाता हुआ पकड़ा गया। इसके बाद उसने जो बातें बताई उसे सुनकर पुलिस भी चौंक गई। पंजाब में एक हवलदार के घर खाना बनाने वाले रसोइये को सेना की वर्दी पहनकर भर्ती में शामिल होने आए युवकों के सामने हेकड़ी दिखाना महंगा पड़ गया।
सेना के एक हवलदार ने कोड वर्ड में उससे बात की तो उसकी पोल खुल गई। सेना ने पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया। सैन्य अफसरों के अलावा खुफिया एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की है। पता चला है कि सेना में जाने के शौक के कारण उसने वर्दी खरीदकर पहनी थी। सेना में होने की बात कहकर उसने शादी भी की थी।
कैंट छावनी क्षेत्र में मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे सेना की वर्दी पहने एक युवक रेलवे लाइन के पास डंडा लेकर भर्ती में आए युवकों की लाइन लगवा रहा था। सेना के एक हवलदार को शक हुआ तो युवक से कोड वर्ड में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। वर्दीधारी युवक कुछ समझ नहीं पाया।
इसके बाद सेना के जवान और पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उसने अपना नाम गणेश सिंह भाकुनी निवासी बूंगा पोहर चनौदा (अल्मोड़ा) बताया। सेना ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।