पहाड़ों की रानी में भी चिलचिलाती धूप से स्थानीय लोगों के साथ ही देश-विदेश से आए सैलानी भी परेशान हैं।
विज्ञापन
नगर में पारा 37 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के समय मालरोड पर तेज धूप के चलते कम सैलानी चहलकदमी करते दिखाई देते हैं।
धूप से बचने के लिए मैदानी शहरों की तरह दुपहिया वाहन चालकों को पूरा बदन ढकना पड़ रहा है। शहर के होटलों, दुकानों पर लगे थर्मामीटर के अनुसार एक से डेढ़ बजे के आसपास शहर का तापमान 37 डिग्री तापमान रहा।
भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल
रुड़की में बारिश के नहीं होने से गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। रविवार को भी भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहा।
अधिकतम तापमान 45 के पार पहुंच गया। गर्मी से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। सूर्यदेव आसमान से आग बरसा रहे हैं। सुबह आठ बजते ही दोपहर जैसी धूप निकल आती है।
रविवार को भी गर्मी ने लोगों को झुलसाए रखा। आसमान के साफ होने की वजह से धूप काफी तेज रही। धूप से लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराते रहे।
गर्मी और धूप का असर बाजार पर भी दिखाई दिया। रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी बाजारों में दिन के समय भीड़ नहीं दिखाई दी। रविवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
देहरादून में पारा करीब एक डिग्री गिरकर 39.6 पर
राजधानीवासियों को रविवार को गर्मी से करीब एक डिग्री की राहत मिली। पारा करीब एक डिग्री गिरकर 39.6 पर तो आया लेकिन लोग गर्मी से बेहाल रहे। क्योंकि यह तापमान भी सामान्य से (35.6 डिग्री) करीब चार डिग्री अधिक है।
सवेरे से ही धूप की जलन ने परेशान करना श़ुरू कर दिया था। दोपहर के वक्त तपिश चरम पर पहुंच गईं और अधिकतर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
राज्य मौसम केंद्र के मुताबिक दून में सोमवार को पारा फिर उछाल भर सकता है, इसके 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने की संभावना है। लेकिन पहाड़ पर हल्की बारिश संभावना है।
विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग चमोली, पिथौरागढ़ में गरजन वाले बादल और हल्की वर्षा हो सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम सूखा ही बने रहने की संभावना है।
दो दिन से राजधानी में अधिकतम तापमान 40 के पार चल रहा था। राज्य मौसम केंद्र ने रविवार को 41 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
न्यूनतम तापमान अलबत्ता 25 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर बना हुआ है। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 46, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 32 दर्ज किया गया।
पहाड़ पर बरस सकते हैं बादल
दून में रविवार को जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक जाने की आशंका जताई गई थी, वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश बताई थी।
इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में गरजन वाले बादल भी विकसित हो सकते हैं। राज्य मौसम केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में अन्य स्थानों पर मौसम सूखा रह सकता है। धूप के चुभाने, जलाने का क्रम अभी चलने वाला है।
दिन में यूं चढ़ा-गिरा पारे का ग्राफ समय ----------- तापमान (डिग्री सेल्सियस में) सुबह 8.30 बजे - 31.2 सुबह 11.30 बजे - 37.4 दोपहर 2.30 बजे - 40.0 शाम 5.30 बजे - 38.6
सामान्य से 5 डिग्री ऊपर रहा तापमान शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री ऊपर रहा। सामान्य का माप 35.6 डिग्री सेल्सियस था।
इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी सामान्य तापमान के मुकाबले तीन डिग्री की अधिकता रही। इसका सामान्य माप 22.2 डिग्री सेल्सियस था।
19 साल पहले पहुंचा था 43.7 डिग्री अगर केवल 25 साल की बात करें तो दून में 19 साल पहले 1995 में पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस जाकर ठहरा था।
यूं अब तक जून में पारे का रिकॉर्ड 43.9 डिग्री सेल्सियस का है, जो 112 साल पहले 1902 में रिकॉर्ड किया गया था।
गर्मी को खान-पान से ऐसे दें मात - घर से खाली पेट निकलने से गुरेज करें। - निश्चित समय अंतराल पर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। - तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। - उबली सब्जियों का प्रयोग होगा फायदेमंद। - कमजोरी लगे तो ग्लूकोज पानी का प्रयोग करें। - नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी का अधिकाधिक सेवन करें। - तरबूज, खरबूजा, आम, संतरे जैसे फलों का प्रयोग करें।