जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर छह माह के लिए जिला बदर किया गया आरोपी तय समय से पहले ही जिले की सीमा में दाखिल हो गया। चोरी की नीयत से शहर की गलियों में घूम रहे आरोपी आसिफ निवासी मुस्लिम बस्ती को कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात सिनेमा गली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत नई प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर चार मई को आरोपी आसिफ को छह महीने के लिए जिले की सीमा से निष्कासित किया गया था। बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि जिला बदर की शर्तों का उल्लंघन कर आरोपी कोतवाली क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है और चोरी की नीयत से संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रात करीब नौ बजे घेराबंदी कर उसे सिनेमा गली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पूर्व में भी हत्या, लूट, चोरी और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में विभिन्न मामलों में जमानत पर बाहर चल रहा था। जिला बदर के आदेशों की अनदेखी करने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।