प्रदेश में यूजी और पीजी के प्रयोगात्मक विषय वाले छात्रों के लिए 15 दिसंबर को महाविद्यालय खुलने पर बहुत कम छात्र महाविद्यालय पहुंचे। छात्र-छात्राओं की औसतन उपस्थिति 15 से 20 फीसदी रही। इनमें कुछ महाविद्यालय ऐसे थे। जिनमें मात्र 25 से 30 छात्र पहुंचे।
दो लाख छात्र-छात्राएं हैं अध्ययनरत
प्रदेश में 105 सरकारी महाविद्यालय हैं। इसके अलावा 18 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय हैं। सभी महाविद्यालयों में करीब दो लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। महाविद्यालय खुलने पर सभी छात्र महाविद्यालय आ सकेंगे।
प्रदेश के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों को सर्दियों की छुट्टी खत्म होते ही सभी छात्र-छात्राओं के लिए खोला जाएगा। छात्रों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा की भी हमारी जिम्मेदारी है। इस संबंध में मंगलवार को समस्त कुलपतियों के साथ बैठक रखी गई है।
- डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री