पिछले साल की तुलना में अगस्त माह तक सड़क दुर्घटनाओं में 37.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। परिवहन आयुक्त दीपेंद्र चौधरी ने सभी जिलाधिकारियों से सड़क सुरक्षा समितियों की बैठक कर हादसे रोकने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है। इस संबंध में उन्होंने सभी को पत्र लिखा है। साथ ही दुर्घटनाओं के तुलनात्मक आंकड़े भी भेजे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 में अगस्त माह तक प्रदेश में 936 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनकी तुलना में वर्ष 2021 में अगस्त तक 585 सड़क हादसे ही हुए। इस तरह दुर्घटनाओं में 37.50 प्रतिशत की कमी आई। अगस्त 2020 तक सड़क हादसों में 582 लोगों की जान गई थी, जबकि अगस्त 2021 392 लोगों की मौत हुई।
यानी सड़क हादसों में कमी के साथ ही उनमें होने वाली मौतों की दर 32.85 फीसदी तक कम रही। इसी तरह घायलों की संख्या में कमी आई है और गत वर्ष की तुलना में यह कमी 54.53 प्रतिशत तक रही है। केवल उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले में घायलों की संख्या की दर में बढ़ोतरी देखी गई है।
दुर्घटनाओं में कमी के बावजूद परिवहन आयुक्त ने जिला सड़क सुरक्षा समितियों के अध्यक्षों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्हें तैयारियों को लेकर बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ब्लैक स्पॉट में सुधारीकरण की कार्ययोजना बनाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के उपाय करने, प्रवर्तन की कार्रवाई में तेजी लाने, नियम विरूद्ध स्कूल वाहन संचालन पर कार्रवाई करने को कहा है।