प्रदेश में सशस्त्र बलों के भूतपूर्व एवं सेवारत कर्मचारियों को शराब पर टैक्स व एक्साइज ड्यूटी शुल्क पूर्व की भांति यथावत रखने और अर्द्धसैनिक बलों को भी पूर्व सैनिकों की भांति शराब पर टैक्स व ड्यूटी से छूट मिलेगी।
यह फैसला बुधवार को कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में समिति द्वारा एसेसमेंट शुल्क और एक्साइज ड्यूटी में की गई बढ़ोतरी को पूर्व की भांति यथावत रखने का निर्णय लिया गया।
साथ ही समिति द्वारा अर्द्धसैनिक बलों को भी सशस्त्र सैनिक और पूर्व सैनिकों की तरह वैट व एक्साइज ड्यूटी में लाभ देने का निर्णय लिया गया। नेगी ने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों के सैनिकों का देश की सुरक्षा में योगदान है और सरकार द्वारा उनके हित में गहन चिंतन किया जा रहा है।
शराब के टैक्स बढ़ोत्तरी के संबंध में चर्चा
उन्होंने अपर आयुक्त डीबी सिंह को सशस्त्र सैनिकों के कर्मियों और भूतपूर्व सैनिकों के प्रतिनिधियों के संयोजन से बैठक आयोजित करके शराब के टैक्स बढ़ोत्तरी के संबंध में चर्चा करके आवश्यक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वन मंत्री दिनेश अग्रवाल, पर्यटन मंत्री दिनेश धनै, सचिव अर्द्धसैनिक बल आनंद वर्द्धन, अपर सचिव वित्त विनय शंकर पांडे उपस्थित थे।