पूर्व सीएम हरीश रावत एक बार फिर से आम पार्टी करने जा रहे हैं। रविवार को उनकी पार्टी में आम के साथ ही मुंगरी (मक्का) और पहाड़ी ककड़ी का स्वाद मिलेगा।
आम और खास, सबको हरीश रावत ने बुलावा भेजा है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट से उन्होंने खास तौर पर बात की है। इसके अलावा, अपनी पार्टी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह से भी अनुरोध किया है, हालांकि हरिद्वार जिले के एक कार्यक्रम की वजह से उनका आम पार्टी में न आना तय है।
पूर्व सीएम भले ही आम पार्टी का मकसद बहुत आम यानी सामान्य बता रहे हैं, लेकिन लोगों से सीधा संवाद और सियासी सक्रियता का उनका यह अंदाज जगजाहिर है। रावत को यह अंदाज है कि प्रीतम से छत्तीस के आंकडे़ के चलते कांग्रेस का एक वर्ग उनकी पार्टी से दूरी बनाए रख सकता है, इसकी भरपाई के लिए उन्होंने दूसरे दलों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों से बात की है। सबको बुलावा भेजा है।
रावत के अनुसार, आम पार्टी में आम और खास सबको बुलाया है। जो भी आएगा, उसका स्वागत किया जाएगा। बकौल, रावत-जिंदगी में सियासत के अलावा विमर्श के अन्य विषय भी हैं, जिनके लिए ऐसे मौके जरूरी होते हैं। इधर, कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि रविवार को वह पार्टी नेता मनोहर लाल शर्मा की पत्नी की तेरहवीं के कार्यक्रम में हरिद्वार जिले में रहेंगे। यह कार्यक्रम पूर्वघोषित था। इसलिए आम पार्टी में रहना संभव नहीं होगा। आम पार्टी रविवार को अपराह्न तीन बजे एक वेडिंग प्वाइंट में होनी है।