प्रदेश के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कुटीर उद्योग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए बंगलूरू की टीम पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को उद्योग लगाने का प्रशिक्षण देगी।
यह बात सोमवार को कालीदास रोड स्थित उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) के मुख्यालय में आयोजित कार्यशाला में निकल कर आई। कार्यशाला में सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष कर्नल सीएम नौटियाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर पीपीएस पाहवा ने बताया कि 15 से 19 जुलाई तक मुख्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें बंगलूरू के आई क्रिएट इंडिया की टीम पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को उद्यम लगाने की बारीकियां समझाएगी। कार्यशाला में 35 से 40 पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। इस मौके पर मेजर जनरल रोहित कालिया, ब्रिगेडियर आरएस रावत, ब्रिगेडियर गुसांई, कर्नल जीएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केबी चंद आदि मौजूद रहे।