सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के बाद अब उनकी पत्नी डॉ.उज्ज्वला तिवारी की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें बृहस्पतिवार तड़के दो बजे दमे के अटैक के बाद दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक उनकी हालत स्थिर थी।
पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के ओएसडी राजीव कुमार ने बताया कि 16 की सुबह करीब दो बजे अचानक डॉ.उज्ज्वला तिवारी को दमे का अटैक आया। उन्हें नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि कई दिनों से पूर्व सीएम नारायण दत्त तिवारी की देखभाल में दिल्ली के साकेत मैक्स अस्पताल में डॉ.उज्ज्वला तिवारी भी उनकी सेवा में जुटी हुई थीं। कई दिनों से अत्यधिक मानसिक तनाव के बीच दिल्ली के वायु प्रदूषण की वजह से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
तकलीफ के बीच रात को दो बजे अचानक उन्हें दमे का अटैक आ गया। जानकारी के मुताबिक चिकित्सकों ने फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई है। उधर, एनडी तिवारी को चिकित्सकों ने तबीयत में कुछ सुधार होने के बाद आईसीयू से निजी वार्ड में शिफ्ट कर दिया है।
उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है, हालांकि वो अभी भी लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर ही हैं। रोहित शेखर तिवारी ने प्रदेशवासियों से अपने माता-पिता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की अपील की।