वर्ष 1993 की एवरेस्ट विजेता सुमन कुटियाल दत्ताल को सरकार ने संवर्गीय खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद समायोजित करने का फैसला लिया है। लोक सेवा आयोग की ओर से समायोजन की अनुमति न देने पर शुक्रवार को मंत्रिमंडल ने समायोजन की मंजूरी दे दी है। संवर्गीय बीडीओ पद पर समायोजन होने से सुमन कुटियाल को अब वरिष्ठता के साथ एसीपी पदोन्नति का लाभ मिलेगा।
वर्ष 1989 में सुमन कुटियाल दत्ताल की उत्तरकाशी जिले में ग्राम विकास अधिकारी के पद नियुक्ति हुई थी। सेवा के दौरान ही सुमन ने वर्ष 1993 में इंडो-नेपाल महिला पर्वतारोहण अभियान में भाग लेकर एवरेस्ट को फतह किया। उनके अदम्य साहस पर उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 1995 में सहायक परियोजना अधिकारी ग्रामीण महिला एवं बालोत्थान के निसंवर्गीय पद पर उन्हें पदोन्नति दी।
उत्तराखंड राज्य बनने के बाद सुमन कुटियाल को वर्ष 2000 से खंड विकास अधिकारी पद पर समायोजित किया गया। इसके लिए लोक सेवा आयोग से अनुमति मांगी, लेकिन आयोग ने अनुमति नहीं दी। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से पुनर्विचार का आग्रह करने पर भी आयोग ने समायोजन को अस्वीकार कर दिया। बीडीओ पद पर समायोजन के बाद भी सुमन को वरिष्ठता, एसीपी पदोन्नति का लाभ नहीं मिला। लोक सेवा आयोग की ओर से अनुमति न देने पर कैबिनेट ने उनके समायोजन की मंजूरी दे दी है।