देहरादून गांधी पार्क में सैर करने के लिए अब आपको टिकट लेना होगा। वहीं, रोजाना सैर पर आने वाले लोगों को नगर निगम छूट देकर मासिक पास जारी करेगा।
अमृत योजना के फेज-2 के तहत पार्क के मुख्य गेट पर टिकट बूथ बनाया जाएगा। नवंबर माह से इसका कार्य शुरू हो जाएगा। अमृत योजना के तहत साढ़े चार करोड़ की धनराशि से गांधी पार्क के सुंदरीकरण का कार्य किया जाना है।
फेज-1 का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं, फेज-2 का कार्य नवंबर से शुरू होगा। जिसके तहत गांधी पार्क में टिकट बूथ बनाया जाएगा। जहां से टिकट लेने के बाद ही लोग सैर के लिए पार्क के अंदर दाखिल हो सकेंगे। वहीं, रोजाना सैर पर आने वाले लोगों के लिए निगम की ओर से मासिक पास जारी किया जाएगा। मासिक पास पर कुछ प्रतिशत छूट दी जाएगी।
टिकट और पास की धनराशि कितनी होगी? इसका निर्णय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा। अमृत के अर्बन प्लानर आशीष कठैत के मुताबिक फेज-2 के तहत डेढ़ करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे। इसके टेंडर हो चुके हैं। वर्क आर्डर जारी होते ही कार्य शुरू हो जाएगा। छह माह के भीतर पूरा किया जाना है।
पार्क में सैर करने वालों के लिए बहुत कम रुपये का टिकट रखा जाएगा। गांधी पार्क को साफ-सुथरा और मेनटेन रखना हमारी जिम्मेदारी है। लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे।
- विजय कुमार जोगदंडे, नगर आयुक्त