- सोने की चेन, मंगलसूत्र और नकदी लूटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के मालूकावाला के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी दुकान में पूर्व में काम करने वाले बरोटीवाला निवासी सीतू और उसके 11 साथियों पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप यह भी है कि उनकी सोने की चेन, पत्नी का मंगलसूत्र और घर में रखी पांच लाख की नकदी भी लूट ली गई। पीड़ित ने बताया कि सीतू को उन्होंने नौकरी से हटाया था। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ डकैती, बलवा, घर में घुसकर मारपीट, आपराधिक धमकी आदि संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि मालूकावाला स्थित पेट्रोल पंप के पास निवासी अशोक सिंह ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया था। उन्होंने बताया था कि 16 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे वह अपने घर में थे। इस दौरान सीतू बरोटीवाला निवासी अपने साथी दीपक, सुमित, पंकज, मगन सिंह, अनिल, राजू, अजीत, सक्षम, कार्तिक, जीवन और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ घर में घुस गया। सभी ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। पत्नी और पुत्र ने बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने आंगन में रखी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। मारपीट के दौरान गले की चेन, पत्नी का मंगलसूत्र और घर में रखे पांच लाख रुपये भी लूटकर ले गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर 11 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद