उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का बंटाधार हो गया है। बच्चे तो दूर शिक्षकों को अपने विषय तक की जानकारी नहीं है। सोमवार को काशीपुर के राइंका बांसखेड़ा में एसडीएम आशीष श्रीवास्तव ने जब औचक निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी तो वह भी चक्कर में पड़ गए।
कक्षा-12 ए में उन्होंने बच्चों से पूछा सौरमंडल में कितने ग्रह हैं। किसी ने नौ तो किसी ने आठ बताए, लेकिन ग्रह के पूरे नाम कोई नहीं बता पाया। बच्चे प्रदेश के 13 जिलों के नाम भी पूरे नहीं बता पाए।
बच्चों को उत्तराखंड और देहरादून की स्पेलिंग न आने पर एसडीएम ने वहां मौजूद अंग्रेजी अध्यापक से ही 13 जिलों के नाम अंग्रेजी में ब्लैकबोर्ड पर लिखने को कहा।
इस पर शिक्षक के पसीने छूट गए। आधे घंटे में शिक्षक ने 11 जिलों के नाम तो लिख दिए, लेकिन कई स्पेलिंग गलत लिख दी। इस पर एसडीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब शिक्षकों का यह हाल है तो बच्चे क्या सीखेंगे।