बाइक से रुड़की से मंगलौर जा रहे एक इंजीनियरिंग के छात्र को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हाईवे पर हादसा होने से मिलिट्री चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव कब्जे में लेकर जाम खुलवाया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलौर के बंदरटोल निवासी सलाउद्दीन उर्फ सन्नी (22) पुत्र असलम अंसारी भगवनानपुर स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी में इंजीनिरिंग का छात्र था। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे वह रुड़की से बाइक से मंगलौर लौट रहा था। मिलिट्री चौक के पास एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौका पाकर चालक वाहन समेत फरार हो गया। वहीं, वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आननफानन परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिली है। मिलिट्री चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही वाहन की तलाश कर ली जाएगी।