खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने वाले बागेश्वर के युवा इंजीनियर यतीन वर्मा का बंगलूरू में मानसिक इलाज भी चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मानसिक तनाव में होने के कारण ही उसने खुद को गोली मारी। यतीन ने ऑनलाइन एक कुल्हाड़ी भी मंगाई थी।
27 नवंबर को यतीन का शव घंटाघर के आगे न्यू एंपायर सिनेमा के बाहर मिला था। कनपटी में गोली का निशान था। पुलिस ने 48 घंटे की जांच के बाद घटना का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने कहा कि यतीन वर्मा ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। यतीन 25 नवंबर की रात घंटाघर स्थित होटल दून व्यू में ठहरा था। 26 की रात करीब 11 बजे होटल मैनेजर यतीन के कमरे में किराया लेने गया था। दरवाजा नहीं खुला और अंदर यतीन का शव खून से लथपथ था।
पुलिस ने घटना के खुलासे के साथ मैनेजर और उसके साथियों को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया। कोतवाली निरीक्षक डीबीडी जुयाल के मुताबिक, जांच में कई तथ्य सामने आ रहे हैं।