उर्जा निगम और नगर पालिका ने एक-दूसरे को करोड़ों का बकाया जमा करने के नोटिस थमाए हैं। ऊर्जा निगम ने 1.96 करोड़ रुपये जमा न करने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी है। वहीं, पालिका ने भी बकाया संपत्ति कर और किराये के 24.55 करोड़ रुपये जमा करने के लिए कहा है।
उर्जा निगम विद्युत वितरण खंड (उत्तर) के अधिशासी अभियंता एसडीएस बिष्ट की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि नगर पालिका के कार्यालयों एवं स्ट्रीट लाइटों का बिल लंबे समय से लंबित है। बिलों के भुगतान के लिए पिछले वर्ष भी पत्र देकर अनुरोध किया गया था, लेकिन बिल का भुगतान नहीं किया गया। नोटिस में कहा गया है कि तीन दिन में बकाया जमा नहीं किया गया तो विद्युत संयोजन के विच्छेदन की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
वहीं, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी कहा कहना है कि नगर पालिका का भी उर्जा निगम पर किराया और संपत्ति कर के रूप में करोड़ों का बकाया है। जितना बकाया उर्जा निगम का नगर पालिका पर है, उससे कहीं अधिक बकाया नगर पालिका का उर्जा निगम पर है। इसके बावजूद भी 12 लाख रुपये नगर पालिका ने उर्जा निगम को जमा कर दिए हैं। कहा, उर्जा निगम को भी नगर पालिका का बकाया शीघ्र जमा करना चाहिए।
पालिका के ईओ तनवीर मारवाह ने बताया कि उर्जा निगम ने पिछले 15 वर्षों से कार्यालय, ट्रांसफार्मर, खंभों आदि का किराया और संपत्ति कर जमा नहीं किया है। कहा नगर पालिका ने उर्जा निगम को नोटिस देकर बकाया जमा करने का अनुरोध किया है।