देहरादून। प्रेमनगर के विंग नंबर छह में हुे अतिक्रमण हटाने के लिए गढ़ी कैंट बोर्ड के पसीने छूट रहे हैं। कई बार कैंट बोर्ड यहां अतिक्रमण हटाने की कोशिश कर चुका है, लेकिन अभी तक सफल नहीं हो पाया है। बृहस्पतिवार को भी टीम को लोगों के विरोध के चलते बैरंग लौटना पड़ा।
दरअसल, कैंट बोर्ड गढ़ी के विंग नंबर छह में कैंट बोर्ड की जमीन पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। कुछ साल पहले कैंट बोर्ड ने यहां अतिक्रमण हटाकर जगह को ताला लगातार सील कर दिया था। कुछ समय बाद अतिक्रमणकारियों ने ताला तोड़कर फिर से यहां अतिक्रमण कर लिया है। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में कैंट बोर्ड से शिकायत की। इसके बाद कैंट बोर्ड ने अतिक्रमण हटाने की रणनीति तय की। इसी क्रम में कई बार लोगों के विरोध के चलते अतिक्रमण नहीं हटाए जा सके। बृहस्पतिवार को जेई नवनीत क्षेत्री के नेतृत्व में टीम मौके पर गई थी। टीम के पहुंचते ही एक बार फिर स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। विरोध करने वालों ने अतिक्रमण हटाने के स्थान पर अपने वाहन पार्क कर दिए। कैंट बोर्ड टीम के बार-बार कहने के बाद भी लोगों ने वाहन नहीं हटाए। मौके पर पुलिस भी मौजूद रही, लेकिन लोगों का विरोध देखते हुए सभी खामोश ही रहे। ऐसे में कुछ देर तक जद्दोजहद के बाद टीम बैरंग लौट गई।