क्या आपके घर या दुकान के गेट पर भी लाल निशान लगा है। अगर हां, तो सतर्क हो जाएं। यह निशान आपको परेशानी में डाल सकता है। दरअसल, राजधानी में आइएसबीटी से लेकर घंटाघर तक प्रस्तावित मॉडल रोड के दोनों तरफ अनाधिकृत कब्जों को दो दिवसीय अभियान चलाकर चिन्हित कर लिया गया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनीत कुमार के मुताबिक घंटाघर से लेकर टर्नर रोड तक 374 छोटे बड़े अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि कब्जेदारों को नोटिस जारी की जा रही है।
नोटिस का जवाब नहीे देने वाले कब्जेदारों के खिलाफ तोडफोड़ की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उल्लेखनीय है कि आइएसबीटी से लेकर घंटाघर तक की सड़क को मॉडल रोड के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
शहरी विकास मंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना के पहले चरण में अस्थायी अतिक्रमण को तो हटा दिया गया लेकिन अब बारी स्थायी अतिक्रमण को लेकर है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विनीत कुमार की अगुवाई में पीडब्ल्यूडी, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर निगम के अफसरों की संयुक्त टीम ने दो दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाकर सड़क के दोनों ककिनारों पर किए गए अनाधिकृत निर्माणों को चिन्हित किया।