डाउनग्रेड, गोल्डन कार्ड में दिक्कतों सहित अन्य मांगों को लेकर उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति ने एक सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। मंगलवार को समिति की जिला इकाई की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
समिति के जिला संयोजक सुभाष देवलियाल ने कहा कि डाउनग्रेड, गोल्डन कार्ड में दिक्कतों सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर एक सितंबर से प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। प्रथम चरण में एक से 15 सितंबर तक विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद समिति की प्रदेश स्तरीय बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। संचालन चौधरी ओमवीर सिंह ने किया। बैठक में दीपचंद्र बुड़ोटी, आरपी जोशी, मुकेश बहुगुणा सुनील ढौंढियाल, एमआर खंडूरी, सुंदरलाल आर्य, दीपक कुमार, सुधा कुकरेती आदि मौजूद रहे।