सातवें वेतनमान के एरियर का वर्ष 2016 से भुगतान करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लिखित समझौते के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से पेयजल निगम के तकनीकी और फील्ड कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजकर 18 अक्तूबर को मुख्यालय पर धरने की चेतावनी दी है।
संगठन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि संगठन और प्रबंधन का 24 अगस्त को विभिन्न मांगों को लेकर समझौता हुआ था। इसमें आश्वासन दिया गया था कि मांगों का जल्द से जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा। इसके बाद समय-समय पर संगठन की ओर से प्रबंधन के साथ पत्राचार भी किया गया, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही संगठन को वार्ता के लिए बुलाया गया। इससे संगठन और कर्मचारियों में आक्रोश है। कहा कि अगर 17 अक्तूबर तक समझौते के अनुरूप मांगों पर कार्रवाई नहीं होती तो संगठन मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना देगा। इसके बाद भी अगर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन शुरू कर देगा।