- उप जिला अस्पताल में हुई समीक्षा बैठक, सीएचओ को दिए गए आवश्यक निर्देश
विकासनगर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने जांच और मरीजों के पंजीकरण में तेजी लाने की तैयारी की है। सोमवार को उप जिला अस्पताल के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में चेस्ट एक्स-रे, एनएएटी जांच और निक्षय पोर्टल पर मरीजों के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को निक्षय पोर्टल पर मरीजों का पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेस्ट एक्स-रे, एनएएटी जांच और बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) से मरीजों को जांच के लिए भेजने की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और उपचार के लिए अधिक से अधिक लोगों की जांच जरूरी है। अभियान के तहत आयोजित शिविरों में चेस्ट एक्स-रे और एनएएटी जांच की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि संभावित मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार शुरू किया जा सके।
बैठक में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक विनोद कुमार शाह, सभी सीएचओ, आशा समन्वयक, एएफ, स्वयंसेवक और राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के कर्मचारी उपस्थित रहे।