राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच पांचवे मील पर हाथियों का झुंड धमकने से मार्ग पर एक घंटे वाहनों के पहिये थमे रहे। अनजाने में हाथी के करीब पहुंचे एक बाइक सवार ने अपना वाहन छोड़ भागकर जान बचाई।
सड़क के बीच आ गए 12 हाथी
बृहस्पतिवार को पांचवें मील के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खोह नदी से निकलकर 12 हाथियों का झुंड चलते ट्रैफिक के बीच धमक गया।
बीच सड़क पर हाथियों को देखते ही राहगीरों के होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह वाहनों पर ब्रेक मारकर वाहन रोके।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की कतार और लोगों की भीड़ लगी रही। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने बामुश्किल हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा।
हाथियों के राजमार्ग से जाने के बाद एक घंटे के बाद यातायात सुचारू रूप से शुरू हो सका।