विद्युत सब स्टेशन में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने से बाजार व आसपास के ग्रामीण इलाके की बिजली गुल हो गई। चार घंटे के बाद ट्रांसफार्मर की कमी को दूर करके आपूर्ति को चालू कराया गया। उधर चार घंटे तक बिजली नहीं रहने से व्यापारियों व बाजार आए ग्राहकों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की सुबह आठ बजे विद्युत सब स्टेशन पर लगे ट्रांसफार्मर में धमाका होने के साथ क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह के समय बिजली चली जाने से लोगों के दैनिक कामकाज प्रभावित हो गए। बिजली पर आधारित आटा चक्की, वेल्डिंग, मशीनरी से संबंधित व्यापार करने वाले सुबह से ही हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्रवासी फ्रिज, कूलर, पंखे आदि की सुविधा से महरूम हो गए। बिजली चले जाने का असर बाजार व सरकारी कार्यालयों में भी दिखाई दिया। भीषण गर्मी में लोग बेहाल दिखाई दिए। स्थानीय निवासी महिपाल सिंह, प्रीतम सिंह चौहान, अनिल बिष्ट, कुंवर सिंह बिष्ट, शमशेर सिंह पंवार, सोनू शर्मा ने बताया कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बिजली नहीं आने से लोग दोपहर तक परेशानी उठाते रहे।
-
कोट
ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को ठीक करा दिया गया है। दोपहर 12 बजे आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया था। - परम सिंह चौहान, अवर अभियंता, ऊर्जा निगम