2014 चुनावी साल है। ऐसे में शायद आपकी जेब पर बिजली टैरिफ की मार न पड़े। अगर पड़े भी तो बहुत कम। ऊर्जा निगम प्रबंधन आजकल इसी फार्मूले पर टैरिफ बढ़ाने के प्रस्ताव की गुणा-गणित में जुटा हुआ है। संभव है अगले सप्ताह तक यह प्रस्ताव उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के पास भेज दिया जाए।
बिजली टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव
पिछले साल ऊर्जा निगम प्रबंधन ने सौ फीसदी बिजली टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। इसको लेकर आम बिजली उपभोक्ताओं में काफी बेचैनी थी।
हालांकि उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने पूरे प्रस्ताव पर सुनवाई के बाद टैरिफ बहुत ही कम बढ़ाया था, जिससे आम लोगों को काफी राहत मिली थी। बाद में निगम की ओर से ट्रिब्यूनल में भी अपील की गई थी लेकिन सुनवाई आज तक पूरी नहीं हुई।
लोस चुनाव के चलते नहीं बढ़ेंगे दाम
लोकसभा चुनाव होने हैं। इसको देखते हुए ऊर्जा निगम प्रबंधन बिजली टैरिफ बहुत अधिक बढ़ाने के मूड में नहीं है, जिससे प्रदेश सरकार के खिलाफ आम लोगों में गलत संदेश जाए।
अब प्रबंधन की ओर से घाटे को पूरा करने के लिए अन्य स्रोत तलाशने की बात कही जा रही है। ये स्रोत क्या होंगे इसके बारे में अभी अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
ऊर्जा निगम, जल विद्युत निगम और पिटकुल की ओर से रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। 30 नवंबर तक रिपोर्ट जमा करने की आखिरी तिथि है। इसके बाद ही कुछ बताना संभव होगा। -नीरज सती, सचिव उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग