- सेलाकुई के कई इलाकों में बंद रही आपूर्ति
- मरम्मत कार्य के लिए निगम ने लिया था शट डाउन
संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई। क्षेत्र में पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। छुट्टी के दिन जहां लोग अपने घरों में रहकर घरेलू कार्य निपटाने व आराम करने की योजना बना रहे थे वहीं, बिजली गुल हो जाने से उन्हें अत्यधिक समस्याओं से जूझना पड़ा।
रविवार की सुबह 11 बजे से लेकर सायं तीन बजे तक सेलाकुई क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप रही, जिससे जमनपुर, प्रगतिविहार, बायाखाला, राजावाला, भगवानपुर, दुर्गा और थापा मार्ग सहित कई इलाकों के उपभोक्ता प्रभावित रहे। बिजली न होने से दुकानदार, आटा चक्की व छोटे मशीनरी से संबंधित कार्य चौपट हो गए। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों का कामकाज भी बाधित रहा। उधर रविवार की छुट्टी के दिन घर में रहकर आवश्यक कामकाज करने व आराम करने की लोगों की योजना भी धरी रह गई।
स्थानीय निवासी मुकेश रावत, दिलशाद, राजकुमार सिंह आदि ने बताया कि गर्मी के मौसम में अक्सर इसी प्रकार से दिन के समय बिजली की आपूर्ति ठप हो जाती है और कई घंटों तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उधर निगम के अवर अभियंता नीटू कुमार ने बताया कि विद्युत लाइनों के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते क्षेत्र में शटडाउन लिया गया था। यह कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।