देहरादून में बुधवार को विद्युत तारों की मरम्मत के चलते शहर के कई क्षेत्रों में सुबह के वक्त बिजली गुल रही। शाम को भी बिजली की आंखमिचौली ने लोगों को परेशान किए रखा।
पेड़ों की कटाई के दौरान टूटे तार
सुबह लगभग नौ बजे नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में तारों के ऊपर आ रहे पेड़ों की कटाई के दौरान कुछ तार टूट गए। तारों की मरम्मत में करीब एक घंटा लग गया। इस दौरान नेहरू कॉलोनी, रिस्पना नगर, हरिद्वार रोड की कुछ कॉलोनियों में आपूर्ति प्रभावित रही।
दोपहर के वक्त भी बिजली की आंखमिचौली से लोग परेशान रहे। देहराखास, कारगी, बंजारावाला, चाणक्यपुरी, बंगाली कोठी, क्लेमनटाउन, आराघर, बलबीर रोड आदि क्षेत्रों में शाम के वक्त करीब आधा घंटे के लिए बिजली गायब रही।
पटेलनगर क्षेत्र में शाम तीन बजे हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने से तीन घंटे बिजली गुल रही। पटेलनगर की औद्योगिक इकाइयों को इससे नुकसान उठाना पड़ा। शाम करीब छह बजे ऊर्जा निगम कर्मियों ने आपूर्ति सुचारु की।
ऊर्जा निगम के प्रवक्ता मधुसूदन ने बताया कि दीपावली पर बिजली आपूर्ति सुचारू रखने के लिए इन दिनों मरम्मत का काम किया जा रहा है।