- संयुक्त मोर्चा ने बैठक कर किया आंदोलन का एलान
- डाकपत्थर की परिसंपत्तियों के यूआईआईडीबी को दिए जाने का मामला
- छह अप्रैल से शुरू करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। डाकपत्थर के यमुना कॉलोनी स्थित हाइड्रोइलेक्ट्रिक एंप्लाइज यूनियन के कार्यालय में आयोजित हुई बैठक में डाकपत्थर की परिसंपत्तियों को यूआईआईडीबी को दिए जाने का विरोध किया गया। इस दौरान उत्तराखंड विद्युत अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने छह अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।
वक्ताओं ने कहा कि यमुना घाटी परियोजना की परिसंपत्तियों के स्थानांतरण के संबंध में जल विद्युत निगम या ऊर्जा विभाग ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इसके अलावा स्कूल, विद्युत उपसंस्थान, विद्युत ट्रांसमिशन लाइंस, लखवाड़ परियोजना के लिए बने भवन, भंडार और विद्युत उत्पादन कार्यों के लिए आवंटित अन्य भूमि को यूआईआईडीबी को स्थानांतरित करने के आदेश के विरोध में कोई कार्रवाई भी नहीं की है। उन्होंने कहा कि सभी संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में 19 सूत्री समस्या पत्र तीनों निगमों के प्रबंध निदेशकों को प्रेषित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने छह अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल से कर्मचारियों की विभिन्न मांगो पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। बैठक में प्रदीप कंसल, इंसारूल हक, राकेश शर्मा, सुनील तंवर, राहुल चांनना, पंकज सैनी बीरबल सिंह, डीएस नेगी, विवेक कुमार, प्रदीप प्रकाश शर्मा, शाहिद आदि सभी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।