भीषण गर्मी के बाद विकासनगर व हरबर्टपुर में जमकर बारिश हुई। इस दौरान कुछ देर के लिए ओलावृष्टि भी हुई। उधर तेज हवा के साथ हो रही बारिश व ओलावृष्टि के कारण विभिन्न रास्तों पर दौड़ रहे वाहन सवारों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के चलते बिजली व इंटरनेट सेवा भी ठप हो गई।पछवादून में सुबह से ही उमस ने क्षेत्रवासियों को दिनभर परेशान किया। गर्मी का असर यह हुआ कि सुबह 11 बजे के बाद से सायं पांच बजे तक क्षेत्र के विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर व सेलाकुई बाजार से लोगों की भीड़ गायब रही। उधर लगभग सात बजे आसमान पर छाए काले बादलों से मौसम का कड़ा रुख कुछ नरम हुआ। रात आठ बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश विकासनगर व हरबर्टपुर क्षेत्र तक ही सीमित रही लेकिन, तेज बारिश, ओलावृष्टि ने वातावरण में बनी गर्मी के असर को समाप्त कर दिया। उधर विकासनगर के सिनेमा गली, काॅलेज रोड, अटठाईस फिटा रोड, पंजाबी काॅलोनी, सिंगरा काॅलोनी आदि क्षेत्रों में जलभराव भी हो गया। तेज हवा चलने व बारिश के चलते दोनों क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति व इंटरनेट सेवा ठप रही। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डाॅ. एके शर्मा ने बताया कि रात के समय पछवादून व जौनसार बावर के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।