पेट्रोल पंपों पर लगने थे चार्जिंग स्टेशन, अब तक कागजों में
देहरादून में पायलट प्रोजेक्ट के तहत आठ से दस पेट्रोल पंपों में ईवी चार्जिंग प्वाइंट लगाने की योजना बनाई गई, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके। यह प्रोजेक्ट भी कागजों में रह गया। अब तक किसी पेट्रोल पंप पर वाहनों की चार्जिंग का इंतजाम नहीं किया जा सका है।
अब जीएमवीएन भी लाया ईवी चार्जिंग स्टेशन का प्रोजेक्ट
अब जीएमवीएन ईवी चार्जिंग स्टेशन की योजना लेकर आया है। जीएमवीएन के 14 गेस्ट हाउसों में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इसके लिए जीएमवीएन और टीएचडीसी के बीच समझौता हुआ है। लेकिन यह प्रोजेक्ट सिर्फ देहरादून नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए है। देहरादून में द्रोण होटल में यह चार्जिंग स्टेशन लगाया जाएगा। इसके अलावा अन्य स्टेशन अन्य जनपदों में लगाए जाएंगे। इससे दून को कुछ राहत तो मिलेगी, लेकिन देहरादून की आवश्यकता इस स्टेशन से पूरी नहीं हो सकेगी।
कुछ सोसाइटी में लगे प्वाइंटस
दून की कुछ आवासीय सोसाइटी में ईवी चार्जिंग प्वाइंट्स लगे हैं। लेकिन इसमें उस कालोनी के रहने वाले लोगों को ही सुविधा मिलती है। सामान्य लोगों को यहां पर वाहन चार्ज करने की सुविधा नहीं मिलती। इसी तरह कुछ कार एजेंसियों में भी यह चार्जि्ग स्टेशन बनाए गए हैं, लेकिन यह भी सार्वजनिक प्रयोग के लिए नहीं काम करते।
देहरादून में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाना परिवहन विभाग की प्राथमिकता में है। जिले में 50 स्थानों का चयन किया जा रहा है। जल्द प्रक्रिया को पूरा कर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कराया जाएगा। - सुनील शर्मा, आरटीओ