देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, कांग्रेस पार्टी को चुनाव पहले जनता के सामने रोडमैप रखना होगा। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि आने वाले समय में हम प्रदेश के विकास व जनता के लिए क्या करेंगे।
हरदा ने कहा, आज समय की ललकार है कि हम कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों का कार्ड और उसके साथ ही आने वाले समय में हम क्या करेंगे, इसका भी रोडमैप भी चुनावों से पहले जनता के सामने रखना चाहिए। यदि एक पार्टी ऐसा करती है तो दूसरी पार्टी पर भी ऐसा करने का दबाव बनेगा। इससे एकांगी प्रचार नीति का जनता पर असर नहीं पड़ेगा।
हरीश रावत ने कहा, आगामी चुनाव के लिए भाजपा फिर से झूठ का सहारा लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के साथ खनन, शराब माफिया हावी है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी, लेकिन सत्ता में आने पर कांग्रेस के विकास का विजन भी जनता तक पहुंचाना होगा।