साहिया बाजार के लिए अलग फीडर लगाने की कवायद तेज हो गई है। सब-स्टेशन से ऊर्जा निगम की टीम ने सोमवार को बाजार में मौका मुआयना किया। इस दौरान टीम ने लाइनों की स्थिति को देखने के साथ फीडर से आपूर्त होने वाले क्षेत्रों की जानकारी ली।
साहिया विद्युत सब-स्टेशन से दो फीडरों से क्षेत्र की आपूर्ति की जा रही है। इस कारण लाइन में फॉल्ट आते रहते हैं और पूरे इलाके की बत्ती गुल हो जाती है। बाजार क्षेत्र के व्यापारी व निवासी पिछले काफी समय से बाजार का अलग फीडर बनाए जाने की मांग करते रहे हैं। इसी क्रम में ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बाजार का मुआयना करके लाइनों की स्थिति की जांच की। निरीक्षण में सहायक अभियंता अशोक कुमार अवर अभियंता परम सिंह चौहान, रविंद्र पाल सिंह, सुरेश चौधरी, राकेश चौहान, दिनेश आदि शामिल रहे।
Iशिलगुर मंदिर के लिए विद्युत लाइन बनाने की मांगI
नागथात में नवनिर्मित मंदिर के लिए विद्युत लाइन बनाने को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता से उनके देहरादून स्थित कार्यालय में मुलाकात की। ग्रामीणों ने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी अधीक्षण अभियंता का सौंपा। नागथात में खत शिलगांव के 10 गांवों के ग्रामीणों ने शिलगुर महाराज के मंदिर का निर्माण कराया है। परंतु, मंदिर के आसपास बिजली की लाइन नहीं होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता युद्धवीर सिंह से मंदिर तक लाइन बनाने की मांग की। इस पर अधीक्षण अभियंता ने सहायक अभियंता अशोक कुमार को अग्रिम कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। प्रतिनिधिमंडल में मंदिर समिति के अध्यक्ष कृपाराम शर्मा, कोषाध्यक्ष मातबर पंवार, पुजारी दाताराम शर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कांति राणा, लाल सिंह चौहान, शुभम शर्मा शामिल रहे।