विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों को 14वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली ग्राम निधि से स्कूलों में शौचालय बनाए जाएं। इसके साथ ही स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए बराबर निरीक्षण किया जाए। जिलाधिकारी इसकी मॉनीटरिंग करें। इसके साथ ही राज्य के युवाओं की मेधा निखारने के लिए प्रत्येक जिले में खेल महाकुंभ और जिला खेल ओलंपियाड कराने के मंत्री ने निर्देश दिए हैं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने सोमवार को सचिवालय में सभी 13 जिलों के डीएम और अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉंफ्रेंसिंग की। इसमें सबसे पहले मंत्री ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर बल दिया। मंत्री ने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान शिक्षक की गरिमा का ध्यान रखा जाए।
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश में संस्कृत भाषा के पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने के साथ शासकीय संस्थानों और कार्यालयों में नाम पट्टिकाएं हिंदी के साथ संस्कृत में भी लगाने के लिए कहा गया।
हरियाणा के रायन इंटरनेशनल स्कूल की घटना से सीख लेते हुए शिक्षा मंत्री ने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। विद्यालय स्टाफ का सत्यापन और उनका फोटोयुक्त प्रोफाइल लगाने के लिए कहा।