साइबर ठगों ने ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब दिलाने का झांसा देकर व्यक्ति से 5.10 लाख रुपये ठग लिए। व्यक्ति को कमाई के रूप में करीब 73 हजार रुपये भी दिए गए। लेकिन, बाकी पैसा देने से इन्कार कर दिया। साइबर थाने की जांच के बाद पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, प्रदीप कुमार पुरोहित निवासी झीवरहेड़ी कारबारी ने ठगी को लेकर शिकायत की है। प्रदीप ने बताया, उन्हें जून में व्हाट्सएप पर ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब दिलाने का मैसेज आया था। इस मैसेज में एक लिंक था, जिस पर उन्होंने क्लिक किया तो सीधे टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ लिया गया। यहां एक महिला ने उनसे मैसेज के माध्यम से बात की। उन्हें छोटे-छोटे टास्क दिए गए। जिसके लिए शुरुआत में 11 हजार रुपये लिए गए। इसके बदले साइबर ठगों ने कुछ रुपये उनके खाते में भेजे।
इसके बाद उन्हें कुछ बड़े टास्क दिए गए। इनमें उन्हें होटल व रेस्टोरेंट आदि को रेटिंग देनी थी। इस काम के लिए उनसे बड़ी रकम अपने खातों में जमा कराई गई। कभी एक लाख तो कभी दो लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। कुल मिलाकर उनसे खातों में लगभग 5.83 हजार रुपये जमा करा लिए गए। इसके बदले जब वह अपनी कमाई की बात करते थे तो थोड़े-थोड़े रुपये भेजे गए। प्रदीप को एक बार साइबर ठगों ने 55 हजार रुपये भेजे। इसके बाद कोई रुपया उन्हें नहीं दिया गया। कुल मिलाकर उन्हें केवल 73 हजार रुपये रकम मिली और ठगों ने उनसे 5.10 लाख रुपये ऐंठ लिए।