देहरादून। स्वतंत्रता दिवस पर इस बार ई-पास की व्यवस्था की जा रही है। पास अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य विशिष्ट मेहमानों को जारी किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने दो हजार पास की डिमांड राज्य सूचना आयोग को भेजी है।
परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के लिए हर साल लगभग आठ हजार पास जारी होते हैं। जिलाधिकारी सी. रविशंकर ने बताया कि इसमें कागज की खपत तो होती ही है, साथ ही पारदर्शिता भी कम रहती है। ऐसे में इस बार ई-पास की योजना बनाई गई है। इस साल दो हजार ई-पास की डिमांड राज्य सूचना आयोग को भेजी गई है। इसके अलावा छह हजार पास सामान्य ही होंगे। ई-पास उन मेहमानों (अधिकारियों, विशिष्ट लोगों, मीडिया प्रतिनिधियों आदि) को जारी किए जाएंगे, जिनके पास मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी होगी। इस पर एक क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन कराने के बाद ही परेड ग्राउंड के दर्शक गलियारों तक पहुंचा जा सकता है। पहली दफा दो हजार पास जारी कर इसे प्रयोग के तौर पर लागू किया जा रहा है। यदि व्यवस्था ठीक रही तो अगली बार से पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।