परेड ग्राउंड से आयोजित स्वाभिमान रैली व पवेलियन ग्राउंड से आयोजित भाजयुमो की पदयात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ने के कारण सुबह से लेकर शाम तक लोग जाम से जूझते रहे। हालांकि, पुलिस की पर्याप्त इंतजामों के कारण पदयात्रा और स्वाभिमान रैली सकुशल संपन्न हो गई।
दून में रविवार को दो बड़े कार्यक्रम थे। एक तरफ भाजपा की युवा पदयात्रा तो दूसरी ओर भू-कानून और मूल निवास को लेकर स्वाभिमान महारैली। दोनों ही कार्यक्रमों में हजारों की भीड़ उमड़ी। साथ ही दोनों कार्यक्रम आसपास होने के कारण पुलिस के लिए रैलियों को सकुशल संपन्न कराना चुनौतीपूर्ण था। दोनों कार्यक्रम आसपास होने के कारण आयोजकों के लिए पूर्व से निर्धारित रूट तैयार कर दिया गया और दोनों रैलियों का समय अंतराल नियोजित किया गया था।
दोनों कार्यक्रमों के कारण प्रिंस चौक, तहसील चौक, राजपुर रोड, ईसी रोड, चकराता रोड, हरिद्वार रोड, घंटाघर और इसके आसपास वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं। भाजपा की युवा पदयात्रा के कारण जहां लैंसडौन चौक, एस्लेहॉल, राजपुर रोड जबकि स्वाभिमान रैली के कारण ईसी रोड, हरिद्वार रोड, तहसील चौक, गांधी रोड, सहारनपुर रोड सहित पूरे शहर में जाम लगा रहा। जाम की हालत देर शाम तक भी जस की तस रही। जाम के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।