बीते रविवार की रात को क्षेत्र में बारिश के चलते कालसी-चकराता, साहिया-क्वानू समेत दो दर्जन से अधिक मोटर मार्ग मलबा आने से बाधित हो गए। हालांकि सोमवार की दोपहर बाद तक अधिकांश सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है। करीब 70 गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बारिश के चलते कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेट और असनाड़ी के समीप मलबा आ गया है। वहीं साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर तारली खड्ड पर मलबा आ गया। सुबह होते ही जेसीबी लगाकर मलबा हटा दिया गया। लोनिवि खंड साहिया के अंतर्गत हईया अलसी सकनी, लालपुल रानी गांव, बड़नु जोशी गांव, बिजोऊ बैंड खतार, मुंशी घाटी देऊ, निछिया पियाणी, भंजरा देऊ, दसोऊ मताड़ समेत एक दर्जन मोटर मार्ग पर मलबा आया। ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़कों से मलबा हटाया।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत कोठा बैंड पंजिया, डाडुवा कितरोली, जगथान बुराईला मोटर मार्ग पर मलबा आने से वाहनों की आवाजाही बाधित रही। लोक निर्माण विभाग खंड चकराता के अंतर्गत पीआरडी मोटर मार्ग, रिखाड़ मोटर मार्ग, रडू मुंधोल मोटर मार्ग, बाणा चिल्हाड़, अणु चिल्हाड़, बिरमोऊ विस्तार, कोटी कनासर मोटर मार्ग पर मलबा आ गया था। अधिशासी अभियंता एलके गोयल ने बताया कि अधिकांश सड़कें खोल दी गई है। शेष सड़कों को खोलने के लिए लगातार जेसीबी लगी हुई हैं।