फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: देहरादून में कई घंटे हुए झमाझम बारिश से दहशत में आए लोग, 72 घंटे राज्य के लिए भारी

Sat, 04 Aug 2018 10:58 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
1 of 8
बारिश से सड़कें बनी तालाब - फोटो : amar ujala
राजधानी में शुक्रवार शाम करीब ढाई घंटे में 110 मिमी से अधिक बारिश हुई। लगातार तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। नदियों और नालों के उफान पर आने से आसपास के लोग सहम गए। सड़कों, गलियों के साथ ही दुकानों और घरों में भी पानी घुसने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 
विज्ञापन

2 of 8
rain
शुक्रवार सुबह से ही राजधानी के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई। इसके बाद दोपहर तक हल्के बादल छाए रहे। दोपहर बाद एक बार फिर ठंडी हवाएं चलने लगीं और राजधानी के अधिकांश क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हो गई। यह बारिश कई घंटों तक जारी रही। इस दौरान शाम छह बजे से करीब साढ़े आठ बजे तक बहुत तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार ढाई घंटे के दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मोहकमपुर और सर्वे चौक क्षेत्र में पूरे दिन में करीब 193 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिसमें से 110 मिमी बारिश ढाई घंटे में हो गई। 
 
विज्ञापन

3 of 8
rain
भारी बारिश से रिस्पना और बिंदाल नदियों में उफान आ गया। एसडीआरएफ और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस दौरान कई वाहन भी पानी के तेज बहाव में बह गए। वहीं, नदी किनारे की कई बस्तियों में लोगों के घरों में पानी भर गया। नदियों में उफान देखकर लोग सहमे रहे। बारिश से शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। आईएसबीटी, दर्शन लाल चौक, घंटाघर, महाराजा अग्रसेन चौक, मोहकमपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, धर्मपुर, स्व. अतुल माहेश्वरी चौक, सर्वे चौक, राजपुर रोड, चकराता रोड, सहारनपुर चौक, कौलागढ़ रोड, बल्लुपूर चौक, बल्लीवाला चौक, अनुराग चौक, बसंत विहार चौक, सीमाद्वार, क्लेमेंटटाउन, मोरावाला, टर्नर रोड समेत कई अन्य इलाकों में भी पानी भर गया। वहीं, कई मोहल्लों में भी बड़े पैमाने पर जलभराव होने से लोग परेशान रहे।
 

4 of 8
rain
कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से जलभराव के कारण लोगों को भले ही दिक्कत झेलनी पड़ रही हो, लेकिन इससे गर्मी और उमस से खासी राहत मिली है। पिछले काफी समय बाद शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। रायपुर रोड पर भारी बारिश के चलते नाला उफनाने से कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। लोग किसी तरह पानी का बहाव दूसरी तरफ कर अपने मकानों और दुकानों को बचाने का प्रयास करते रहे। निर्माणाधीन पुल से आवाजाही होने के कारण लोगों को कुछ राहत मिली। इस दौरान वहां पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
विज्ञापन

प्रदेश में 72 घंटों के दौरान भारी बारिश होने की आशंका

5 of 8
बारिश के बाद देहरादून की सड़कों का हाल
मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में कुमाऊं क्षेत्र में ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। गढ़वाल क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश में बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजधानी देहरादून के साथ ही पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश होगी। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 72 घंटों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। इन जगहों पर पूरी समयावधि में कई दौर की बारिश होगी। 
विज्ञापन

14वें दिन भी नहीं खुला यमुनोत्री हाईवे

6 of 8
Yamunotri highway - फोटो : amarujala.
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार 14वें दिन भी बाधित रहा। बीती रात हुई भारी बारिश के बाद ओजरी-डबरकोट में एक बार फिर से भूस्खलन सक्रिय हो गया है। वहीं जंगल चट्टी में भारी बोल्डर जमा होने के कारण सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यमुनोत्री धाम आ रहे तीर्थयात्रियों और गीठ-बजरी पट्टी के ग्रामीणों की समस्याओं का फिलहाल कोई अंत होता नजर नहीं आ रहा है।
 
विज्ञापन

नदियों का जलस्तर बढ़ा

7 of 8
yamuna river flood - फोटो : ani
बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट करते हुए तट पर नहीं जाने की सलाह दी है। बृहस्पतिवार को काली नदी का जल स्तर 888.70 मीटर पर था, जो शुक्रवार को बढ़कर 888.90 मीटर पर पहुंच गया है। इसका खतरे का स्तर 890 मीटर पर है। वहीं, गोरी नदी जौलजीबी में 605.20 मीटर पर बह रही है। इसका खतरे का निशान 607.80 मीटर है। पिछले 24 घंटे में डीडीहाट में 30 और मुनस्यारी में 64 एमएम बारिश हुई। वहीं, बागेश्वर जिले में 15 एमएम, कपकोट में 67.50 एमएम,  गरुड़ में 37.50 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
विज्ञापन

कैलाश मानसरोवर: 15वें और 16वें दल की यात्रा रोकी

8 of 8
kailash mansarovar
कैलाश मानसरोवर यात्रा के 15वें और 16वें दल के संपर्क अधिकारियों को फिलहाल यात्रा रोकने के निर्देश विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए हैं।  उन्हें निर्देशित किया गया है कि यात्रा सुचारु न होने तक यात्रियों को अपने-अपने घरों में रोक कर रखा जाए। केएमवीएन के जीएम टीएस मर्तोलिया ने बताया कि सातवें दल के 33 यात्री गुंजी में, दसवें दल के 25 यात्री पिथौरागढ़ में, 11वें दल के 43 यात्री चौकोड़ी में, 12वें दल के 43 यात्री अल्मोड़ा में, 13वें दल के 55 यात्री भीमताल में रुके हुए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें