एजुकेशन हब दून के स्कूली छात्रों में चरस, गांजा, स्मैक जैसे महंगे नशों की बढ़ती लत की खबरें तो चिंता का सबब रही ही हैं। अब नशे के कारोबारी महज एक रुपए में छात्रों को नशे का लती बनाने लगे हैं।
शहरभर के पान-बीड़ी के खोखों पर च्यवनप्राश की तरह दिखने वाला खास पेस्ट पैकिंग में इसी कीमत पर बेचा जा रहा है। खास बात यह है कि इस पेस्ट में नशीला पदार्थ मिले होने की पुष्टि लैब की जांच में हो चुकी है। इसके बाद पुलिस राजधानी में बड़ा अभियान चलाने की तैयारी कर रही है।
पुलिस कर रही गुप्त जांच
कुछ दिन पहले पुलिस को शिकायत मिली थी कि स्कूली छात्र खोखों से ‘शिवम मौका’ नाम का पैकेट खरीद रहे हैं। एक रुपए के इस पैकेट में रखे पेस्ट को खाने के बाद छात्र मदहोश हो जाते हैं। इस पर पुलिस ने गुप्त जांच शुरू की।
कुछ जवान ग्राहक बनकर खोखों पर पहुंचे और ये पैकेट खरीदे। लैब में जांच कराई तो पता चला कि इस पेस्ट में दो से तीन प्रतिशत नशीला पदार्थ है। एक बार खाने के बाद छात्रों को इस पेस्ट की लत लग जाती है।