विकासनगर। सेलाकुई थाना पुलिस ने बुधवार को रामसावाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 7.35 ग्राम स्मैक के साथ सहसपुर के लक्ष्मीपुर चांचक निवासी मोहम्मद अजमल को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। संदिग्धों की चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।