देहरादून संभाग की सड़कों पर बगैर टैक्स चुकाए दौड़ रहे वाहनों पर परिवहन विभाग कार्रवाई करने जा रहा है। ऐसे वाहन स्वामियों को विभाग डिफॉल्डर घोषित करेगा। इसके बाद वाहन की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग का 50 करोड़ रुपये का टैक्स वाहन स्वामियों पर बकाया है।
टैक्स वसूली को लगातार नोटिस भेजे जाने के बाद भी टैक्स का भुगतान नहीं किया जा रहा है। अब आरसी जारी कर टैक्स वसूली करने की योजना परिवहन विभाग ने बनाई है। आरसी जारी करने के साथ ही ऐसे वाहन संचालकों को विभाग ने डिफाल्टर घोषित किया है। हालांकि, यह राह भी आसान नहीं है।
कई बकायेदारों के दिए गए पते पर नोटिस भेजने के बाद यह मालूम चला कि वाहन स्वामी उक्त पते पर रहते ही नहीं हैं। इस कारण वाहनों का बकाया टैक्स वसूल नहीं किया जा पा रहा है। आरटीओ सुनील शर्मा ने सभी टैक्स बकायेदारों की आरसी जारी करने के आदेश जारी किए हैं।
बकायेदारों ने टैक्स जमा नहीं किया
हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश, विकासनगर, कोटद्वार समेत सभी परिवहन कार्यालयों में बकायेदारों की सूची चस्पा कर इनकी आरसी जारी की जा रही हैं। दून संभाग में पूर्व में जिन वाहन स्वामियों की आरसी जारी की गई थी, उसमें वसूली के लिए राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी ने बताया कि जिन बकायेदारों ने टैक्स जमा नहीं किया है, जांच अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को सीज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: पतंजलि हरिद्वार में उपचार करवाने के लिए ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग, नहीं तो होंगे ठगी का शिकार
बकाया टैक्स वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वाहनों की आरसी जारी की जा रही है। डिफाल्टर श्रेणी में वाहनों को शामिल किया जा रहा है। इसके बाद वाहनों की कुर्की कराई जाएगी।
- सुनील शर्मा, आरटीओ, देहरादून संभाग